सदन में हंगामा‘ बेरोजगारी के मुद्दे पर विपक्ष ने किया वॉकआउट

0
168

देहरादून। विधानसभा के शीतकालीन सत्र की दूसरे दिन की कार्यवाही जारी है। सदन में जोरदार हंगामा हुआ है। विपक्ष ने बेरोजगारी के मुद्दे पर हरक सिंह रावत को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने मंत्री हरक सिंह रावत से बेरोजगारी के मुद्दे पर सवाल पूछा है। इस पर हरक सिंह रावत ने सदन को बताया कि सरकार ने 7 लाख लोगों को रोजगार दिया है। बता दें, साल 2020 में सदन में संसदीय मंत्री ने 10 लाख लोगों को रोजगार देने की बात कही थी। विपक्ष का आरोप है कि धामी सरकार सदन को गुमराह कर रही है। इसके साथ ही आज कांग्रेस सदन के भीतर प्रदेश की कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाएगी। दरअसल, बीते दिनों बाजपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य पर हुए हमले के बाद से ही विपक्षी दल कांग्रेस कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। ऐसे में कांग्रेस सदन में नियम 310 के तहत प्रदेश की कानून व्यवस्था का मुद्दा उठा रही है। कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने बताया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य पर हुए हमले के बावजूद इन्हीं लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। लिहाजा, सदन के भीतर कांग्रेस इस मुद्दे को नियम 310 के तहत प्रमुखता से उठाने की मांग करेगी।