वरूणावत पर्वत पर भीषण आग,वन विभाग लाचार

Share and Enjoy !

Shares

उत्तरकाशी। बीती देर शाम बाड़ाहाट व मुखेम रेंज के जंगल आग लगने से धधक रहे हैं। जंगलों में लगी आग से लाखों की वन संपदा जलकर राख हो चुकी है। वहीं तमाम दावों के बावजूद भी वन विभाग जंगलों की आग नहीं बुझा पा रहा है। जिला मुख्यालय के नजदीक वरुणावत पर्वत पर आग इतनी भयंकर लगी हुई है कि आग बस्ती की ओर आ सकती है। रविवार देर शाम वरुणावत का जंगल भीषण आग की चपेट में आ गया. आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते लाखों की कीमती वन संपदा जलकर राख हो गई। वहीं वरुणावत पर्वत पर देर रात तक आग लगी रही। आग इतनी विकराल हो गई कि आग बस्ती की ओर आने लगी। इस कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग और आसपास के लोग आग बुझाने में जुटे हैं।वन विभाग दावा कर रहा है कि जंगलों की आग बुझाने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर सारे विभागीय इंतजाम फेल साबित हो रहे हैं। इससे जंगली जानवरों के समक्ष जीवन के साथ ही भोजन-पानी का संकट पैदा हो गया है। इसके साथ ही वातावरण प्रदूषित होने से लोगों को सांस लेने में तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। बाड़ाहाट रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र पुंडीर ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।

Share and Enjoy !

Shares