नमो एप से हो रही है उत्तराखंड के विधायकों के कार्यों की सर्वे

Share and Enjoy !

Shares

नमो एप से हो रही है उत्तराखंड के विधायकों के कार्यों की सर्वे

देहरादून। अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने तैयारियां तो तेज कर ही दी हैं। इस कड़ी में पार्टी अपने विधायकों की परफार्मेंस का भी आकलन करा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक विधानसभा क्षेत्रों में कराए जा रहे इस आंतरिक सर्वे में जनसामान्य से विधायकों के कामकाज के बारे में जानकारी ली जा रही है। माना जा रहा है कि चुनाव में टिकट वितरण में इस सर्वे के नतीजों को भी आधार माना जाएगा।

बदली परिस्थितियों में भाजपा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव बड़ी चुनौती है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल कर इतिहास बनाया था। अब उसके सामने ऐसा ही प्रदर्शन दोहराने का दबाव है। इस बीच प्रदेश सरकार में दो बार नेतृत्व परिवर्तन हो चुका है तो प्रदेश संगठन में भी बदलाव हुआ है। जाहिर है इनसे जुड़े सवालों का भी चुनाव में उसे सामना करना पड़ेगा। हालांकि, पार्टी ने मिशन-2022 के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है तो कार्यकर्त्‍ताओं के साथ ही जनता से भी संवाद का क्रम बढ़ाया गया है।

इसके साथ ही पार्टी राज्य में सर्वे भी करा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी के केंद्रीय स्तर से प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों में विधायकों के प्रदर्शन, क्षेत्र में उनकी सक्रियता, कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति समेत अन्य कई बिंदुओं पर जनता से जानकारी ली जा रही है। इसके आधार पर विधायकों की परफार्मेंस आंकी जाएगी।

नमो एप से भी चल रहा सर्वे

नमो एप के माध्यम से उत्तराखंड में भी सर्वे चल रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर जनता की राय ली जा रही है। इस सर्वे में भी राज्य सरकार के प्रदर्शन, विधायकों के कामकाज, सुशासन, कोविड प्रबंधन, महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, शिक्षा, कानून व्यवस्था समेत कई मसलों पर राय के साथ ही सुझाव भी लिए जा रहे हैं।

Share and Enjoy !

Shares