कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने रैलियों पर लगाया ब्रेक, राजनीतिक दलों ने रद्द किए कार्यक्रम

Share and Enjoy !

Shares

लखनऊ। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर सियासी दलों भाजपा, कांग्रेस व समाजवादी पार्टी ने अपनी रैलियां रद्द कर दी हैं। भाजपा की लखनऊ में नौ जनवरी को प्रस्तावित रैली निरस्त हो गई है। इस बड़ी रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करने वाले थे। इसे भाजपा और पीएम मोदी की पहली चुनावी रैली माना जा रहा था।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने भी अपनी विजय रथ यात्रा को रद्द कर दिया है। अखिलेश यादव 7 से 9 जनवरी तक गोंडा, बस्ती और अयोध्या में अपनी रथयात्रा निकालने वाले थे। उन्होंने भी कोरोना संक्रमण के मद्देनजर रथयात्रा को रोक दिया है। गौरतलब है कि अखिलेश यादव की रैलियों में भी भारी भीड़ जुट रही थी। प्रदेश में कोरोना के केस अचानक बढ़ते देख यह फैसला किया गया है। दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मैराथन रद्द कर दी है। प्रवक्ता अशोक सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस डोर-टु-डोर अभियान जारी रखेगी। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में जहां चुनाव होने वाले हैं, बड़ी रैलियों को स्थगित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि हमने राज्य इकाइयों से अपने राज्यों में कोविड ​​​​-19 की स्थिति का आकलन करने और रैलियां आयोजित करने पर निर्णय लेने के लिए कहा है।

Share and Enjoy !

Shares