देहरादून, 4 जून। होटल मधुबन, देहरादून में आयोजित “राइजिंग लीडर्स for Inclusive and Progressive Change” कार्यक्रम के द्वितीय मॉड्यूल का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने किया।
इस अवसर पर भारत एवं जर्मनी से आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने समावेशी विकास, प्रभावी नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और अनुभवों से सीखने का अवसर देते हैं, जिससे वे समाज और राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए लोकतंत्र, जनप्रतिनिधित्व, नीति निर्माण, महिला नेतृत्व और युवाओं की सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का नेतृत्व करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
यह कार्यक्रम iLEAD Global Foundation एवं द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
iLEAD Global Foundation की संस्थापक एवं भाजपा उत्तराखंड प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश-विदेश से आए युवाओं के लिए विधानसभा अध्यक्ष से सीधा संवाद अत्यंत प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं में समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने की अपार क्षमता है तथा फाउंडेशन ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने का कार्य कर रही है।











