प्रख्यात पर्यावरण विद सुंदरलाल बहुगुणा पंचतत्व मे विलीन

0
881

प्रख्यात पर्यावरण विद सुंदरलाल बहुगुणा पंचतत्व मे विलीन
—————————————-
सी एम पपनैं

नई दिल्ली, 21मई। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र मे, वैश्विक फलक पर पहचाने गए, प्रख्यात पर्यावरण विद सुंदरलाल बहुगुणा का कोरोना विषाणु संक्रमण से 94 वर्ष की उम्र मे, आज दोपहर बारह बजे, एम्स ऋषिकेष मे निधन हो गया। ऋषिकेष के पूर्णानंद घाट पर, राजकीय सम्मान के साथ, दिन मे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।निधन की खबर सुन, उत्तराखंड सहित देश के जनमानस के मध्य शोक की लहर व्याप्त हो गई है।

विगत 23 अप्रेल से, अस्वस्थ चल रहे, पर्यावरण विद सुंदरलाल बहुगुणा को बुखार, खांसी की शिकायत के कारण, आठ मई को एम्स ऋषिकेष मे भर्ती कराया गया था। कोरोना विषाणु संक्रमण जांच मे वे, पाजीटिव पाए गए थे। उनके फेफड़ों में कोरोना संक्रमण पाया गया था। फेफड़ों के साथ-साथ खून व किडनी में भी संक्रमण था। पैरो मे सूजन के बाद, डाक्टरो ने उन्हे मंगलवार को कोरोना आईसीयू वार्ड मे भर्ती कर दिया था। ब्लड शुगर लेबल व ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। सांस लेने मे दिक्कत पैदा होने लगी थी। एनआरबीएम मास्क से आक्सीजन दी जा रही थी। उम्र के हिसाब से कड़ी निगरानी में रख, उन्हे सावधानी पूर्वक दवाऐ दी जा रही थी। सुंदरलाल बहुगुणा पूर्व मे हृदय रोग, डायविटीज व हाईपरटैंसन के रोगी भी रहे थे। बीस वर्ष पूर्व उनके हार्ट मे, दो स्टंट लग चुके थे। तभी से निरंतर वे दवाई ले रहे थे।

पर्यावरण विद सुंदरलाल बहुगुणा का जन्म, 9 जनवरी 1927 को, उत्तराखंड टिहरी जिले के, भागीरथी नदी किनारे बसे गांव, मरोडा के अंबादत्त बहुगुणा के घर हुआ था। बचपन मे ही श्रीदेव सुमन के सम्पर्क में आने के बाद, सुंदरलाल बहुगुणा के जीवन की दिशा ही बदल गई थी। वे देश की आजादी की लडाई मे वे कूद पडे थे।

देश को मिली आजादी के बाद, स्वतंत्रता सेनानी सुंदरलाल बहुगुणा, पर्यावरण संरक्षण में जुट गए थे। उन्होंने जीवन का एक मात्र लक्ष्य बनाया था, पर्यावरण सुरक्षा। पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई बार उन्होंने पद यात्राऐ की। गांव मे आश्रम खोला। सत्तर के दशक मे पर्यावरण सुरक्षा को लेकर आंदोलन चलाया, जिसने पूरे देश पर अपना व्यापक असर छोडा। चिपको आंदोलन उसी का एक हिस्सा था। आंदोलन की सफलता के बाद चिपको आंदोलन के महानायक कहलाए गए। उन्होंने और भी अनेको आंदोलनों की अगुवाई की, जिनमे छुआछूत का मुद्दा, महिलाओ के हक की आवाज, टिहरी बांध निर्माण का विरोध, शराब विरोधी आंदोलन इत्यादि मुख्य रहे। टिहरी राजशाही का विरोध करने पर उन्हे जेल जाना पड़ा था। 1971 मे उत्तराखंड मे शराब की दुकानों को खोलने के विरोध मे वे सोलह दिन अनशन पर बैठे थे।

1980 के शुरुआत मे, हिमालय क्षेत्र के गांवो की, पांच हजार कि.मी. की पद यात्रा की। लोगों को पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। सुंदरलाल बहुगुणा के कहने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी द्वारा, पन्द्रह वर्षो तक पेड काटने पर रोक लगा दी गई थी। टिहरी बांध निर्माण के दोरान विरोध स्वरूप, सिर मुडवा, 84 दिन का उपवास रखा। उनका घर भी टिहरी जलाशय मे डूब गया था।

गांधी के अनुयायी, हिमालय रक्षक, चिपको आंदोलन के महानायक, सुंदरलाल बहुगुणा पद्म विभूषण व वैकल्पिक नोबल पुरुष्कार के साथ-साथ दर्जनों देश-विदेश के सम्मानित पुरुष्कारो से नवाजे गए थे।

उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मोर्य, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, उनके मंत्रिमंडल सदस्यों, विधायको, उत्तराखंड की देशभर मे स्थापित अनगिनत सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनो द्वारा सु-विख्यात पर्यावरण विद सुंदरलाल बहुगुणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है। उनके जल,जंगल, मिट्टी के संरक्षण को अविस्मरणीय योगदान के रूप मे याद किया जा रहा है। सम्पूर्ण देश व विश्व के लिए सुंदरलाल बहुगुणा का निधन एक अपूर्णीय क्षति है।