
मुख्यमंत्री धामी ने पौड़ी को दी ₹110.55 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, कंडोलिया महोत्सव को मिलेगा राजकीय महोत्सव का दर्जा

आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण, 19 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन; युवाओं, पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर।
पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के दौरे के दौरान जिले को ₹110.55 करोड़ की 19 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 14 योजनाओं का शिलान्यास तथा 5 योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान जिला मुख्यालय स्थित श्रीनगर रोड पर विकसित आधुनिक विज्ञान संग्रहालय का उद्घाटन किया और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर विभिन्न इंटरएक्टिव मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शनों तथा आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इससे बच्चों में जिज्ञासा, अनुसंधान की भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है तथा राज्य सरकार हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार तथा होमस्टे योजनाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रही है।
युवाओं के हितों की रक्षा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है और पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून तथा सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न परियोजनाओं—प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक तथा खेल अवस्थापना परियोजनाओं—का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के विकास, रोजगार और पर्यटन को नई दिशा देंगी।

कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।












