उत्तराखंड में एक लाख से अधिक घरों पर लग चुके रूफटॉप सोलर, हजारों परिवारों को बिजली बिल में राहत — कर्मचारी हितों से जुड़े प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर
देहरादून। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कहा कि निगम की प्राथमिकता उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ कार्मिकों के हितों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण करना है।
शनिवार को ऊर्जा भवन स्थित यूपीसीएल के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रिंट, डिजिटल और सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों ने निगम की कार्यप्रणाली, स्मार्ट मीटर, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, विद्युत व्यवस्था तथा कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल किए। प्रबंध निदेशक ने पत्रकारों के सवालों का तथ्यपरक जवाब देते हुए निगम की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिलेगा पारदर्शी लाभ
प्रबंध निदेशक ने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत और भुगतान संबंधी जानकारी अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी तरीके से मिल सकेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने पर उपभोक्ताओं से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही स्मार्ट और प्रीपेड मीटर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा।
एक लाख से अधिक घरों पर रूफटॉप सोलर
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने बताया कि उत्तराखंड में रूफटॉप सोलर लगाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलने के साथ बिजली के बिल में भी राहत मिल रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से हजारों परिवारों को उल्लेखनीय लाभ मिला है और अनेक परिवारों का बिजली बिल शून्य तक हुआ है।
आरडीएसएस से मजबूत होगी विद्युत वितरण व्यवस्था
प्रबंध निदेशक ने बताया कि आरडीएसएस योजना के अंतर्गत विद्युत वितरण व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। निगम इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान दे रहा है, ताकि इसका सीधा लाभ आम उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाओं के रूप में मिल सके।
राजस्व संग्रह और बिजली हानि नियंत्रण पर जोर
यूपीसीएल की वित्तीय एवं परिचालन स्थिति की जानकारी देते हुए पी.सी. ध्यानी ने कहा कि राजस्व संग्रह, बिजली हानि नियंत्रण और पावर परचेज मैनेजमेंट के क्षेत्र में निगम लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।
एसीपी, पदोन्नति और पेंशन मामलों का होगा निस्तारण
प्रेस वार्ता में कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों पर भी सवाल किए गए। प्रबंध निदेशक ने बताया कि निगम प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है।
एसीपी, पदोन्नति, पेंशन, नियमितीकरण और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मामलों के त्वरित निस्तारण के साथ ही अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
आधुनिक और उपभोक्ता हितैषी यूपीसीएल बनाने का लक्ष्य
प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कहा कि यूपीसीएल का उद्देश्य केवल वित्तीय और परिचालन उपलब्धियां हासिल करना नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने कहा कि निगम को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के साथ कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रबंध निदेशक ने मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों का सहज एवं तथ्यपरक तरीके से जवाब दिया और यूपीसीएल की योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में निगम उपभोक्ता सेवाओं, तकनीकी आधुनिकीकरण और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करेगा।
प्रेस वार्ता के अंत में प्रबंध निदेशक ने सभी मीडिया एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया।









