*कोर कमेटी ने सीएम, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन को सौंपी राज्यसभा उम्मीदवार पैनल की जिम्मेदारी!*
*कोर कमेटी में नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन का हुआ औपचारिक स्वागत : दीप्ति रावत*
देहरादून 25 सितम्बर। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा चुनाव के संभावित उम्मीदवारों को लेकर विस्तृत विचार विमर्श हुआ। जिसमें कमेटी सदस्यों द्वारा अंतिम नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री संगठन को सौंपी है। वहीं बैठक में सभी सदस्यों द्वारा नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन श्री फणींद्रनाथ शर्मा का औपचारिक स्वागत किया गया। साथ ही आगामी चुनावों की रणनीति और सेवा संकल्प अभियान की हुई समीक्षा।
प्रदेश कार्यालय में आज यह प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी शुरुआत में नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन का मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट समेत कोर कमेटी के सभी सदस्यों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सभी ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में संगठन को राज्यभर में नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी । बैठक में राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, राज्यसभा की रिक्त सीट के चयन, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियानों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के उपरांत कोर कमेटी के निर्णयों की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत ने बताया कि चूंकि राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होना है। लिहाजा उनके साथ रिक्त होने वाली इस सीट के लिए सामने आए सभी प्रमुख नामों पर सभी सदस्यों ने विस्तृत मंथन किया। उन्होंने बताया कि दो दर्जन नाम दावेदारों के रूप में कोर कमेटी के सामने आए हैं। जिनमें महिला, अनुसूचित जाति जनजाति, युवा सहित सभी वर्गों से जुड़े नाम शामिल हैं। बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद तय किया गया कि 3 या 5 नामों का पैनल अंतिम रूप से मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महामंत्री संगठन द्वारा निर्धारित किया जाएगा।
वहीं उन्होंने बताया कि बैठक में राज्यभर में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रगति कार्यों की समीक्षा की गई। जिसमें अब तक संपन्न हुए कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा के साथ शेष कार्यक्रमों को जन-जन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाने की रणनीति तैयार की गई। इसके अतिरिक्त आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को मंथन किया गया। जिसमें चुनावों के मद्देनजर सभी क्षेत्रों में सांगठनिक मजबूती, शक्ति केंद्र आधारित योजना, बूथों के सुदृढ़ीकरण और पन्ना प्रमुखों को अधिक सक्रिय करने की कार्ययोजना पर मुहर लगाई गई। साथ ही डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को अधिक व्यापक और प्रभावी तरीके से जनमानस में स्थापित करने पर विचार हुआ। जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा क्रियान्वित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए विशेष रणनीति से आगे बढ़ने पर निर्णय हुआ।
बैठक के कोर कमेटी के सदस्यों ने एकस्वर में सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सरकार की नीतियों तथा विकास कार्यों का संदेश जनता के बीच लेकर जाएँ। इनके आधार पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए 2027 विधानसभा चुनाव हैट्रिक की तरफ बढ़े।
आज की बैठक में प्रदेश कोर कमेटी सदस्य के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद श्री अजय टम्टा, पूर्व सीएम एवं हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व सीएम डाक्टर रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, श्रीमती कल्पना सैनी, नैनीताल सांसद श्री अजय भट्ट, टिहरी सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री डाक्टर धन सिंह रावत, श्री सतपाल महाराज प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत, श्री तरुण बंसल शामिल रहे।











